किसान को कार से कुचलने के प्रयास का आरोप:श्रावस्ती में पुलिस से की शिकायत, जांच शुरू

7
Advertisement

श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र में एक किसान को कार से कुचलने का प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि यह हमला पुरानी मारपीट के एक मामले में गवाही रोकने के उद्देश्य से किया गया। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना सोनवा थाना क्षेत्र के दुबकला गांव में हुई। दुबकला निवासी नन्हे पुत्र पृथी बीती रात करीब 9 बजे अपने खेत की रखवाली कर रहे थे। तभी गांव के ही एक व्यक्ति ने अपनी कार से उन्हें कुचलने का प्रयास किया। पीड़ित नन्हे के अनुसार, आरोपी ने जानबूझकर तेज रफ्तार कार उनकी ओर मोड़ दी। नन्हे किसी तरह बचकर भागे, लेकिन इस दौरान उन्हें हल्की चोटें आईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया। नन्हे पुत्र पृथी ने सोनवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। थाना अध्यक्ष विष्णुदेव पांडेय ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement