कथरा माफी में बाल कल्याण समिति की बैठक संपन्न:बाल विवाह, बाल श्रम मुक्त गांव बनाने का संकल्प

4
Advertisement

श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत कथरा माफी में ग्राम स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ग्राम को बाल विवाह और बाल श्रम मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया। यह बैठक देहात इंडिया संस्था के सहयोग से संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता ग्राम प्रधान ने की। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चंदन कुमारी, एएनएम रीता सोनकर, आशा कार्यकर्ता गीता देवी, पुलिस विभाग से उप निरीक्षक सूरज गौड़ और आरक्षी विजय कुमार लाल उपस्थित रहे। गांव के अन्य गणमान्य नागरिक और देहात इंडिया संस्था के प्रतिनिधि सारजन वर्मा व सरोज पटेल भी मौजूद थे। बैठक के दौरान बाल अधिकारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। इसमें बाल विवाह उन्मूलन, बाल श्रम पर रोक, विद्यालय छोड़ चुके बच्चों का पुनः नामांकन, किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार तथा सरकारी योजनाओं से वंचित बच्चों को लाभ दिलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए जागरूकता बढ़ाने और सतर्कता बरतने पर जोर दिया। देहात इंडिया संस्था के प्रतिनिधियों ने बच्चों के हित में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी साझा की और ग्राम स्तर पर सामूहिक प्रयासों से बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि ग्राम पंचायत को बाल विवाह मुक्त, बाल श्रम मुक्त और सुरक्षित वातावरण वाला आदर्श ग्राम बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
Advertisement