
श्रावस्ती जनपद के लक्ष्मनपुर बाजार में रिजवी नौजवान कमेटी ने शुक्रवार को इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। पवित्र रमजान माह के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सौहार्द और एकता का संदेश देना था। इस इफ्तार कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में रोजेदारों और अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। अजान के समय सभी ने एक साथ रोजा खोला और देश में अमन-चैन, खुशहाली तथा आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी। कमेटी ने रोजेदारों के लिए खजूर, फल, शरबत और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की व्यवस्था की थी। इस अवसर पर कमेटी के पदाधिकारियों ने रमजान माह के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह महीना मोहब्बत, इंसानियत और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में एकता और सौहार्द को मजबूत करते हैं, जिससे लोग एक-दूसरे के करीब आते हैं। इफ्तार पार्टी में तसलीम सिद्दीकी, सलमान, नसीम, अरमान, गुलफाम और मैनुद्दीन अंसारी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।











































