श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक अंतर्गत हरदत्त नगर गिरंट के लठ्ठा पूर्व में निर्मित एक सामुदायिक शौचालय कई वर्षों से बंद पड़ा है। ताला लगा होने के कारण इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिससे लाखों रुपये का सरकारी धन बर्बाद हो रहा है और ग्रामीण खुले में शौच करने को मजबूर हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शौचालय का निर्माण होने के बाद कुछ समय तक इसका उपयोग किया गया था। हालांकि, बाद में देखरेख के अभाव में इसे बंद कर दिया गया और इस पर ताला लगा दिया गया, जो आज तक नहीं खुल पाया है। शौचालय की हालत दिन-ब-दिन जर्जर होती जा रही है। शौचालय बंद होने के कारण ग्रामीणों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है। ग्रामीण रामसागर, मुन्नीलाल, कल्लू प्रसाद और चंदा देवी ने बताया कि इससे क्षेत्र में गंदगी और बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत से शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द शौचालय का ताला खुलवाकर उसकी मरम्मत कराई जाए, ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके और सरकारी धन का सदुपयोग हो। ग्राम प्रधान विजय ने इस मामले में सफाई कराने का आश्वासन दिया है।
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में सामुदायिक शौचालय वर्षों से बंद:लाखों का सरकारी धन बर्बाद, ग्रामीण...






































