बलरामपुर में पर्यटन परिषद की बैठक:विकास और प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना पर चर्चा

8
Advertisement

बलरामपुर में पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की यह बैठक आयोजित की गई। इसमें जनपद के ऐतिहासिक, पौराणिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थलों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की विस्तृत कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने परिषद के माध्यम से जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों को शामिल करते हुए वार्षिक पर्यटन कैलेंडर प्रकाशित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, जनपद की पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने के उद्देश्य से डॉक्यूमेंट्री फिल्म और कॉफी टेबल बुक तैयार करने पर भी सहमति बनी। पर्यटन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए डीएम ने जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विशेषताओं को दर्शाने वाला एक विशिष्ट पर्यटन लोगो तैयार कराने का निर्देश दिया। लोगो निर्माण के लिए विद्यालयों में प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिससे विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलेगा और उनका जनपद से भावनात्मक जुड़ाव भी मजबूत होगा। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, जनपद मुख्यालय सहित सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले मार्गों पर आधुनिक साइनेज बोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही, इन स्थलों पर उनके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाने वाले सूचना बोर्ड भी स्थापित किए जाएंगे। सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खुले मंच/ऑडिटोरियम निर्माण और सांस्कृतिक भूमि के समुचित उपयोग पर भी चर्चा हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद के महत्वपूर्ण, पौराणिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास हेतु एक समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। उत्तर प्रदेश संस्कृति उत्सव-2026 के सफल आयोजन, नोडल अधिकारी नामांकन और कार्यक्रम की रूपरेखा पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पर्यटन को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से ‘ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट’ (होम-स्टे) नीति के व्यापक प्रचार, लोक-कला, लोक-संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों के संरक्षण तथा प्रोत्साहन पर विशेष बल दिया गया। इसके अतिरिक्त, युवाओं को पर्यटन से जोड़ने के लिए युवा पर्यटन क्लब के माध्यम से शैक्षिक पर्यटन भ्रमण (एजुकेशनल टूर) आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए।
Advertisement