हरिहरपुर रानी में एएचटी, एसजेपीयू की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न:अपर पुलिस अधीक्षक ने बाल श्रम, बाल विवाह पर की चर्चा

7
Advertisement

पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम की अध्यक्षता में बुधवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) और विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें बाल श्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम और पॉक्सो एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों से फीडबैक लिया और महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी एसओपी की समीक्षा की। उन्होंने बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों की भूमिका, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के समन्वय, बाल गुमशुदगी और बाल अपराधों से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की। बैठक में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 और बाल विवाह उन्मूलन के लिए चल रहे विशेष राष्ट्रीय 100 दिवसीय अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी बाल कल्याण अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर बाल श्रम और बाल विवाह के विरुद्ध सरकारी योजनाओं के प्रति जनमानस को जागरूक करने को कहा। उन्होंने गांवों में चौपाल लगाकर लोगों को प्रेरित करने तथा ग्राम प्रहरियों व संभ्रांत व्यक्तियों से सहयोग लेने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा गया कि बाल विवाह से संबंधित किसी भी सूचना पर तत्काल पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) को सूचित किया जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। अपर पुलिस अधीक्षक ने बाल अपराधों से जुड़े संवेदनशील मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई पर जोर दिया। उन्होंने बाल संरक्षण संस्थाओं के साथ समन्वय कर संयुक्त अभियान चलाने और पीड़ित बच्चों को अधिकतम सहायता व सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और शहरी बस्तियों में बाल अधिकारों के संरक्षण हेतु जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

यहां भी पढ़े:  महराजगंज में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर: दो युवक गंभीर घायल, गोरखपुर रेफर - Katahara Khas(Maharajganj sadar) News
Advertisement