खलिहान की जमीन से हटाया अवैध कब्जा: नरकटहा में चला बुलडोजर, कब्जाधारकों में मचा हड़कंप – Gangi bazar(Maharajganj sadar) News

2
Advertisement

पनियरा विकासखंड की ग्राम सभा नरकटहा के टोला बुढेली में खलिहान की सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया। प्रशासन ने वर्षों से चले आ रहे इस अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलवाया। ग्राम सभा की आराजी संख्या 1132 पर अवैध कब्जे की शिकायत गांव निवासी सूरज सहानी ने तहसील दिवस में की थी। उन्होंने इस संबंध में एक प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत की जांच के बाद तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। मौके पर बुलडोजर चलाकर खलिहान की भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। इस अभियान में लेखपाल ऋषभ दुबे, अभिषेक सिंह, दीपक सिंह और दीपचंद सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया, वहीं ग्रामीणों ने सार्वजनिक उपयोग की भूमि के मुक्त होने पर संतोष व्यक्त किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Advertisement