महिला किसान नेता की हत्या, प्रेमी गिरफ्तार:15 दिन बाद जंगल में मिला कंकाल, परिवार से मिले भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष

2
Advertisement

श्रावस्ती में महिला किसान नेता आंचल मिश्रा की हत्या का खुलासा हो गया है।पुलिस ने आरोपी प्रेमी सूरज वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, आंचल मिश्रा पिछले 15 दिनों से लापता थीं और 3 मार्च को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी रेंज जंगल से उनका क्षत-विक्षत कंकाल बरामद किया गया था। बांसगढ़ी फत्तेपुर बनगई गांव की 25 वर्षीय आंचल मिश्रा 17 फरवरी को किसान यूनियन की बैठक में शामिल होने घर से निकली थीं।देर रात तक घर न लौटने पर उनके पति संतोष मिश्रा ने 19 फरवरी को मल्हीपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। करीब दो सप्ताह बाद, 3 मार्च को पुलिस को ककरदरी रेंज जंगल में जले हुए कपड़े और मानव अस्थियां मिलीं।पति संतोष मिश्रा ने जूते और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान आंचल मिश्रा के रूप में की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आंचल मिश्रा और सूरज वर्मा के बीच पिछले करीब चार महीनों से मोबाइल पर बातचीत हो रही थी। दोनों की आखिरी लोकेशन भी एक ही स्थान पर पाई गई।आरोपी सूरज वर्मा ने पूछताछ में बताया कि उनके और आंचल मिश्रा के बीच प्रेम संबंध थे। आंचल उससे पैसों की मांग करती थीं और न देने पर पुलिस में शिकायत करने की धमकी देती थीं। सूरज ने बताया कि 17 फरवरी को दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने आंचल की हत्या कर दी और शव को ककरदरी जंगल में छिपा दिया। आरोपी सूरज वर्मा के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आंचल के पति संतोष मिश्रा एक छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घर की अधिकांश जिम्मेदारियां आंचल ही संभालती थीं। उनके सास-ससुर का पहले ही निधन हो चुका है। आंचल के दो छोटे बेटे हैं, जिनकी देखभाल अब परिवार के लिए एक गंभीर समस्या बन गई है। घटना की सूचना मिलने पर श्रावस्ती के भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार और पार्टी पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है तथा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
Advertisement