
श्रावस्ती जिले के हरदत नगर गिरंट क्षेत्र में सरकार द्वारा निर्मित पॉलीटेक्निक कॉलेज का कार्य अभी भी अधूरा है। इस कारण यहां पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के लिए अन्य जिलों का रुख करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि पॉलीटेक्निक का शेष कार्य जल्द पूरा कराया जाए। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और गरीब तथा मध्यम वर्ग के बच्चों को दूर शहरों में जाकर पढ़ाई करने की समस्या से राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने बताया कि भवन निर्माण पूरा होने के बावजूद आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी नहीं होने के कारण कॉलेज शुरू नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सरकार और संबंधित विभाग से इस ओर ध्यान देने और अधूरे कार्य को जल्द पूरा कराने की अपील की है। कामेश्वरी प्रसाद, किशोरी लाल, सर्वेश कुमार, केशव राम, प्रदीप कुमार, पवन कुमार, अरविंद कुमार, रंगी लाल, शोभाराम और समोखन सहित कई ग्रामीणों ने पॉलीटेक्निक का अधूरा कार्य शीघ्र पूरा करने की मांग की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की है कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही जिले में तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके।












































