
श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने इस संबंध में थाने में तहरीर देकर पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि यह घटना 4 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे हुई। उसकी 17 वर्षीय पुत्री को एक युवक अपने दो साथियों के साथ बहला-फुसलाकर घर से ले गया। घटना के बाद परिजनों ने किशोरी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़ित परिवार ने हरदत्त नगर गिरन्ट थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित सूचना दी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की। महिला ने अपनी तहरीर में पुलिस से अपनी पुत्री को सकुशल बरामद करने और इस मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। किशोरी की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।












































