
श्रावस्ती में माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं जिले के 41 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से चल रही हैं। इन परीक्षाओं के लिए कुल 23,275 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। 7 मार्च को हुई परीक्षाओं में प्रथम पाली मे कुल 9 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में इंटरमीडिएट वाणिज्य की परीक्षा में 118 में से पांच छात्र गैरहाजिर पाए गए। वहीं, इंटरमीडिएट के तीन अन्य विषयों की परीक्षा में 130 परीक्षार्थियों में से चार छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। परीक्षाओं के निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट और 41 स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं। सभी उपजिलाधिकारी जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में व्यवस्था संभाल रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू की गई है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ सुचारु रूप से संपन्न कराई जा रही हैं, और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जा रही है। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी नियमों का पालन करने की अपील की।










































