रामपुर में पेड़ों की अवैध कटाई: वन विभाग ने लकड़ी जब्त कर कार्रवाई शुरू की – Mihinpurwa(Bahraich) News

3
Advertisement

बहराइच जिले के चौकी बैवाही क्षेत्र अंतर्गत रामपुर धोबिया हार के मजरे सम्मनपुरवा के पास लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़क किनारे लगे गुटेल के पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सम्मनपुरवा के पास PWD की भूमि पर गुटेल प्रजाति के लगभग तीन पेड़ लगे हुए थे। आरोप है कि गांव निवासी बुधराम ने इन पेड़ों को ठेकेदार मुस्तफा को बेच दिया था, जिसके बाद ठेकेदार ने इन पेड़ों को कटवा दिया। पेड़ों की कटाई होते देख ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बुधवार को वन विभाग के फॉरेस्टर शिवम पांडेय घटनास्थल पर पहुंचे और कटे हुए पेड़ों की जांच की। वन विभाग ने मौके पर पड़ी बची हुई लकड़ी के ढेर को अपने कब्जे में ले लिया और विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी। कुछ ही देर बाद हल्का प्रभारी उप निरीक्षक चंद्रेश्वर मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इस संबंध में फॉरेस्टर शिवम पांडेय ने बताया कि अवैध रूप से काटी गई लकड़ी को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, PWD की भूमि पर बिना अनुमति पेड़ों की कटाई एक गंभीर अपराध है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement