10 किलो चांदी के साथ दो नेपाली गिरफ्तार: कस्टम विभाग ने सोनौली बॉर्डर पर 50 लाख की चांदी पकड़ी – Nautanwa(Nautanwa) News

9
Advertisement

भारत-नेपाल सीमा पर नौतनवा कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10 किलोग्राम चांदी जब्त की है। यह चांदी एक नेपाली नंबर की कार से तस्करी कर नेपाल ले जाई जा रही थी। विभाग ने इस मामले में दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया है। जब्त चांदी की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है। यह सफलता बुधवार शाम को असिस्टेंट कमिश्नर नौतनवा सुधीर त्यागी को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर मिली। मुखबिर ने बताया था कि एक नेपाली नंबर की कार से भारी मात्रा में चांदी भारत से नेपाल की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही कस्टम विभाग की टीम, जिसमें अधीक्षक जगत सिंह राणा, लाल बाबू, इंस्पेक्टर विवेक सिंह, शीतेस कुमार और कांस्टेबल देवेंद्र सिंह शामिल थे, सोनौली कोतवाली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान गोरखपुर से नेपाल की तरफ जा रही एक नेपाली नंबर की कार को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसकी सीट के पास प्लास्टिक के दो पैकेट मिले। इन पैकेटों को खोलने पर उनमें चांदी के छोटे-छोटे टुकड़े बरामद हुए। कस्टम विभाग ने कार सहित उसमें सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और उन्हें नौतनवा स्थित कस्टम मंडल कार्यालय ले जाया गया। वहां चांदी का वजन करने पर वह 9 किलो 999 ग्राम पाई गई। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान सिद्धार्थ नगर पालिका भैरहवा निवासी राकेश रजक और पोखरिया परसा, नेपाल निवासी समीर कुमार सिंह के रूप में बताई। उन्होंने स्वीकार किया कि यह चांदी गोरखपुर से लाई गई थी और वे इसे नेपाल ले जा रहे थे। असिस्टेंट कमिश्नर नौतनवा सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि कार से लगभग दस किलोग्राम चांदी बरामद की गई है और दोनों युवकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पुष्टि की कि बरामद चांदी की कीमत लगभग 50 लाख रुपये है और इसे तस्करी के माध्यम से नेपाल भेजा जा रहा था।
यहां भी पढ़े:  पंचायत सहायक ने गांव में अलाव की व्यवस्था की: झावाकोट गांव में कड़ाके की ठंड, प्रशासन की अनदेखी के बाद ग्रामीणों को मिली राहत - Barat Garha(Pharenda) News
Advertisement