बजहां बाजार में ठेके पर मिट्टी पटाई का काम अधूरा:रकम लेकर काम न करने और धमकी देने का आरोप

12
Advertisement

बजहां बाजार के एक गांव में मिट्टी पटाई के ठेके को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि ठेके की रकम लेने के बावजूद काम अधूरा छोड़ दिया गया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम पंचायत भरवलिया निवासी जंगी साहनी पुत्र बनारसी साहनी ने ग्राम गनवरिया के शकील अहमद पुत्र फकरुद्दीन को 1 लाख 15 हजार रुपये में मिट्टी पटाई का ठेका दिया था। साहनी के अनुसार, 25 मार्च 2025 को 80 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे और एक माह में काम पूरा करने का आश्वासन मिला था। हालांकि, कई महीने बीत जाने के बाद भी काम अधूरा है। पीड़ित जंगी साहनी का आरोप है कि जब उन्होंने काम पूरा करने का दबाव बनाया, तो आरोपी शकील अहमद ने काम करने से इनकार कर दिया और “जो करना है कर लो” कहते हुए धमकी दी। साहनी ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और आरोपी के घर जाने पर गाली-गलौज की जाती है, जिससे उनका परिवार भयभीत है। जंगी साहनी ने बताया कि वह पिछले दो महीनों में दो बार चौकी में शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने 7 जनवरी 2026 को फिर से लिखित शिकायत दी है। उन्हें नए चौकी इंचार्ज से न्याय मिलने की उम्मीद है। वहीं, आरोपी शकील अहमद और उनके पिता फकरुद्दीन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनके अनुसार, 80 हजार रुपये नींव पटाई के लिए तय हुए थे और बाद में 1 लाख 10 हजार रुपये गड्ढा पटाई के लिए, लेकिन उन्हें कुल 80 हजार रुपये ही मिले हैं। उन्होंने धमकी देने के आरोप को भी झूठा बताया। जंगी साहनी की मांग है कि ठेकेदार जितना काम हुआ है, उतना पैसा रख ले और शेष रकम वापस करे। बजहां चौकी इंचार्ज अखिलेश कुमार मिश्रा ने कहा है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। हालांकि, अब तक कार्रवाई न होने से इस जनहित से जुड़े मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
यहां भी पढ़े:  बस्ती में परसा-परसरामपुर रोड पर गहरा गड्ढा:सरैया चौराहा के पास हजारों छात्रों का आवागमन मुश्किल, हादसे का खतरा
Advertisement