बस्ती के परशुरामपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बिछनैया पांडे में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल देखने को मिली। गांव निवासी मोहम्मद खलील की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जांच में उनके शरीर में आयरन की अत्यधिक कमी पाई गई और हीमोग्लोबिन (ब्लड लेवल) मात्र 4 पॉइंट रह गया था, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। चिकित्सकों ने तत्काल रक्त चढ़ाने की सलाह दी। मोहम्मद खलील को उपचार के लिए जिला अस्पताल कैली, बस्ती में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें तुरंत रक्त की आवश्यकता पड़ी। इस नाजुक समय में ग्राम बिछनैया पांडे की पंचायत सहायक पूर्णिमा पांडे मदद के लिए आगे आईं। पूर्णिमा पांडे ने बिना किसी संकोच के अपना रक्त दान किया, जिससे मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। उनके इस कदम से मोहम्मद खलील को समय पर उपचार मिल सका। अस्पताल प्रशासन और मोहम्मद खलील के परिजनों ने पंचायत सहायक पूर्णिमा पांडे के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। ग्रामीणों ने भी इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यह समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करता है।





































