बलरामपुर में PDS घोटाले का आरोप:गेहूं के बोरों में टुल्लू पंप से पानी डालकर बढ़ाया जा रहा वजन, जांच के आदेश

0
5

बलरामपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत वितरित होने वाले गेहूं के बोरों को टुल्लू पंप से भिगोने का मामला सामने आया है। सदर विकास खंड के खुटेहना स्थित उत्तर प्रदेश राज्य भंडार गृह में यह कथित घटना हुई, जिससे गेहूं का वजन बढ़ाने का आरोप है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक व्यक्ति पाइप के जरिए बोरों पर पानी डालते हुए दिख रहा है।हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि दैनिक भास्कर नहीं करता है। जिले में हर माह 15 लाख 96 हजार 130 लाभार्थियों को दो किलो गेहूं वितरित किया जाता है, जो प्रतिमाह लगभग 31 हजार क्विंटल होता है। आरोप है कि गेहूं का वजन बढ़ाने के लिए यह तरीका अपनाया जा रहा है, जिसका सीधा नुकसान गरीब उपभोक्ताओं और राशन कोटेदारों को हो रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, सामान्यतः गोदाम में रखे गेहूं में 8 से 12 प्रतिशत नमी होती है। बोरों में पानी डालने से यह नमी 20 प्रतिशत तक बढ़ जाती है, जिससे प्रति बोरा तीन से चार किलो वजन बढ़ जाता है। इसी बढ़े हुए वजन के साथ गेहूं ट्रकों में भरकर राशन दुकानों तक भेजा जाता है। राशन दुकानदारों का आरोप है कि गोदाम से आया गेहूं जब दुकानों पर सूखता है, तो उसका वजन घटकर वास्तविक स्थिति में आ जाता है। इससे प्रति बोरा तीन से चार किलो की कमी आती है। इस कमी की जिम्मेदारी कोटेदारों पर थोप दी जाती है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ वसूली और विभागीय कार्रवाई का भी सामना करना पड़ता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि शिकायत की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन 2