बस्ती में पिकअप दुर्घटनाग्रस्त:चालक फरार, पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया

4

बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन अयोध्या रिंग रोड फ्लाईओवर के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब तीन बजे एक सड़क हादसा हुआ। उन्नाव से खलीलाबाद जा रही मांस लदी एक पिकअप पहले आगे चल रही कार से टकराई, फिर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इस घटना के बाद पिकअप का चालक मौके से फरार हो गया। मामला बिगड़ता देख, मांस लदी पिकअप का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। रिंग रोड कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना छावनी पुलिस और एनएचएआई को दी। डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एनएचएआई क्रेन की मदद से संदिग्ध मांस को जमीन में दबाकर डिस्पोज कराया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया। सुबह हुई इस घटना का वीडियो कुछ राहगीरों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह ने इसका संज्ञान लेते हुए सुबह 7 बजे ही घटनास्थल का मुआयना किया और थाने पहुंचकर वाहन की बारीकी से जांच की। सीओ स्वर्णिमा सिंह के निर्देश पर छावनी पुलिस ने विक्रमजोत राजकीय पशु चिकित्सालय के पशु-चिकित्सक डॉ. राममूर्ति वर्मा को बुलाकर मांस के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि उन्नाव के स्लाटर हाउस से खलीलाबाद जा रही मांस लदी पिकअप और उसके वाहन स्वामी द्वारा वैध कागजात प्रस्तुत किए गए हैं।

Advertisement