श्रावस्ती जनपद की तहसील जमुनहा में गरीबों को भीषण ठंड से बचाने के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आदर्श इंटर कॉलेज जमुनहा बाजार में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा और उप जिलाधिकारी संजय राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हरीश जायसवाल गांधी भी मौजूद थे। इन अतिथियों द्वारा जमुनहा, भवनियापुर, बरगदहा और फतेहपुर बनगई ग्राम पंचायतों के गरीब और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कंबल पाकर गरीबों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। इस अवसर पर जमुनहा चौकी प्रभारी, जिला पंचायत सदस्य वार्ड नंबर 10 हरीश जायसवाल गांधी, सभी ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, चंद्रमोहन वर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य केदारनाथ तिवारी, समस्त विद्यालय परिवार के अध्यापकगण, रामू हिंदुस्तानी और राजेश कुमार पाठक सहित कई समाज सेवक भी उपस्थित रहे।





































