आज 9 जनवरी 2026 को बालापुर गांव के आंगनवाड़ी केंद्र में बाल रक्षा भारत संस्था द्वारा एक माता बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में गांव की धात्री महिलाएं, गर्भवती महिलाएं, बच्चे और किशोरियां उपस्थित रहीं। बैठक का मुख्य उद्देश्य बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर जागरूकता बढ़ाना था। इसमें बच्चों के लिए संतुलित आहार की आवश्यकता, नियमित टीकाकरण तथा समय पर ऊपरी आहार शुरू करने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। धात्री महिलाओं की उचित देखभाल, पौष्टिक आहार और पर्याप्त आराम के महत्व पर भी जोर दिया गया। गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर एएनसी (ANC) जांच कराने, निर्धारित टीकाकरण करवाने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी गई। सभी प्रतिभागियों को उचित खानपान, हरी सब्जियों के सेवन और स्थानीय रूप से उपलब्ध पौष्टिक आहारों का उपयोग करने पर बल दिया गया। उन्हें बाहरी और तैलीय खाद्य पदार्थों से बचने तथा घर के बने भोजन को प्राथमिकता देने की अपील की गई। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रत्येक घर में पोषण वाटिका लगाने का सुझाव दिया गया, ताकि परिवार को ताज़ी सब्जियां मिल सकें। इसके अतिरिक्त, शीत लहर से बचाव और उसके उपायों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
बाल रक्षा भारत ने बालापुर में की माता बैठक:पोषण, स्वास्थ्य और शीत लहर से बचाव पर हुई चर्चा
Advertisement










































