टांडा पुल पर कार मिट्टी के ढेर से टकराई:मौके पर मची अफरा-तफरी, लोगों ने प्रशासन से लगाई सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने की गुहार

4
Advertisement

बस्ती और अंबेडकर नगर जिलों को जोड़ने वाले सरयू नदी पर बने कलवारी-टांडा पुल पर एक तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण पर्याप्त संकेतक और चेतावनी बोर्ड न होने से यह हादसा हुआ, जिसमें कार मिट्टी के ढेर से टकरा गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पुल पर चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद किया गया है। आवाजाही रोकने के लिए पुल के दोनों ओर मिट्टी और पत्थरों के ढेर लगाए गए थे। अंबेडकर नगर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक इन मिट्टी के ढेर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को कार से बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन से मांग की गई है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं, लोगों से अपील की गई है कि मरम्मत कार्य चल रहे कलवारी-टांडा पुल की ओर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Advertisement