कुदरहा में किसान पर हमले का आरोप:ट्रैक्टर की बैटरी चोरी रोकने पर पीटा, बाइक छोड़कर भागे आरोपी; पुलिस जांच में जुटी

4
Advertisement

कुदरहा क्षेत्र के माझा तिलकारपुर सीवान में शुक्रवार शाम ट्रैक्टर की बैटरी चोरी रोकने पर एक किसान पर चार बदमाशों ने हमला कर दिया। किसान ने भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों के पहुंचने पर बदमाश अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पिपरपाती एहतमाली गांव निवासी पीड़ित किसान घनश्याम यादव (पुत्र चंद्र प्रसाद यादव) ने कुदरहा चौकी इंचार्ज को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने खेत की सिंचाई कर रहे थे। उन्होंने अपना ट्रैक्टर खेत के पास खड़ा किया था। इसी दौरान चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे और ट्रैक्टर की बैटरी खोलने लगे। जब घनश्याम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो चारों बदमाशों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घनश्याम किसी तरह वहां से भाग गए और फोन पर परिजनों व ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों को आता देख बदमाश घबरा गए और अपनी मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों में से दो की पहचान हो गई है, जबकि दो अन्य अज्ञात हैं। पीड़ित किसान ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में कुदरहा चौकी इंचार्ज महेश कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर दो सिपाहियों को भेजा गया था। मौके से मिली मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Advertisement