Advertisement
बृजमनगंज पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर करीब चार महीने बाद एक महिला की हत्या के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई गुजरौलिया निवासी तोलेराम की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ता तोलेराम ने बताया कि उसकी भाभी सूखना देवी के पति शिवसागर की मृत्यु एक वर्ष पूर्व हो गई थी। सूखना देवी घर पर अकेली रहती थीं और तोलेराम उनकी देखभाल करते थे। तोलेराम के अनुसार, 15 सितंबर 2025 को कोल्हुई के ग्राम पंचायत मैनहवा, अमहवा निवासी उसकी बहन किरन, सूखना देवी को अपने घर ले गई। वहां किरन ने अपने तीन अन्य सहयोगियों की मदद से सूखना देवी के अचेत अवस्था में उनके संपूर्ण भूमि और मकान का बैनामा (बिक्रीनामा) और वसीयत करवा ली। इसके बाद 19 अक्टूबर 2025 को सूखना देवी की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। शव का आनन-फानन में अंतिम संस्कार करने की तैयारी की सूचना मिलने पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर तोलेराम ने न्यायालय की शरण ली। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर कोल्हुई थाना के मैनहवा निवासी किरन, कन्हई, गुजरौलिया निवासी रामदीन और फरेंदा निवासी रामनरेश के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





































