श्रीदत्तगंज में दिव्यांगों को सहायक उपकरण बांटे:दूसरे दिन 200 लाभार्थियों को मिले व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल और अन्य उपकरण

6
Advertisement

श्रीदत्तगंज में श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति की ओर से शुक्रवार को ब्लॉक परिसर में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के मुख्य अतिथि भाजपा नेता चंदन मिश्र व बीडीओ अवनींद्र कुमार पांडेय ने लाभार्थियों को उपकरण वितरित कर उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित किया। बीडीओ ने कहा कि सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों की दैनिक दिनचर्या आसान होगी और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर आत्मविश्वास के साथ जीवन यापन कर सकेंगे। उन्होंने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित होते हैं। शिविर में मौजूद डॉक्टर पुरुषोत्तम रनबिदा ने बताया कि दूसरे दिन कुल 159 दिव्यांग लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इसमें व्हीलचेयर, ट्राइसिकल, बैसाखी, छड़ी, कृत्रिम पैर व हाथ तथा श्रवण यंत्र शामिल हैं। उपकरण मिलने से दिव्यांगों के आवागमन, कार्यक्षमता और आत्मनिर्भरता में वृद्धि होगी। शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने उपकरण पाकर खुशी जाहिर की और संस्था का आभार व्यक्त किया। दिव्यांगों ने कहा कि लंबे समय से उन्हें ऐसे उपकरणों की आवश्यकता थी, जिससे उनका दैनिक कार्य सुगम हो सके। इस मौके पर श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के लक्ष्य ठाकरान, प्रमोद कुमार, कैलाश, भुवन, वीरेंद्र कुमार, संजय कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ब्लॉक प्रशासन का भी सहयोग रहा।
यहां भी पढ़े:  महराजगंज में ग्रामीणों ने प्रेमी-प्रेमिका की कराई शादी: बिना बैण्ड–बाजा संपन्न हुआ प्रेमी युगल का विवाह - Maharajganj News
Advertisement