बस्ती में पिकअप पेड़ से टकराई:चालक गंभीर घायल, CHC पहुंचाया; पोखरा-रखिया मार्ग पर हुआ हादसा

7
Advertisement

बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार, 9 जनवरी 2026 को शाम लगभग 5 बजे एक सड़क हादसा हो गया। पोखरा-रखिया मार्ग पर ऐठी गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक की पहचान कप्तानगंज थाना क्षेत्र के लहिलवारा निवासी राहुल पुत्र राम सुमेर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन अचानक बेकाबू हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल राहुल को तुरंत पिकअप से बाहर निकाला गया। उन्हें निजी वाहनों की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के समय मार्ग पर कोई अन्य वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पोखरा-रखिया मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर गति नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Advertisement