शोहरतगढ़ में DM ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं:ग्राम चौपाल में मौके पर समाधान का भरोसा, योजनाओं की समीक्षा

5
Advertisement

शोहरतगढ़ विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत एकडेंगा भावपुर में शुक्रवार को ‘गांव की समस्या गांव में समाधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में हुई इस ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनका त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था। चौपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की स्थिति की समीक्षा की। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे। पांच लाख रुपए तक का निशुल्क इलाज उन्होंने विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर दिया, जिससे पांच लाख रुपए तक का निशुल्क इलाज संभव है। किसानों से जुड़ी समस्याओं पर जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति भुगतान और किसान सम्मान निधि से संबंधित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। पेंशन योजनाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत दी जाए, ताकि मौके पर ही उसका समाधान किया जा सके।महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्होंने विद्युत विभाग की एकमुश्त समाधान योजना के तहत पंजीकरण कराकर बिजली बिल में छूट लेने, राशन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और वरासत व भूमि विवाद के मामलों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। चौपाल में जन्म, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के आवेदनों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने पर भी जोर दिया गया। आपदा राहत और कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ देने तथा सभी किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की बात कही गई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म भी संपन्न कराई।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, ब्लॉक कर्मी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
Advertisement