बलरामपुर में इंडो ग्लोबल इंटरनेशनल एक्सीलेंस अवार्ड:वनस्पति विज्ञान में उत्कृष्ट शोध के लिए मिला सम्मान

9
Advertisement

बलरामपुर। एमएलके पीजी कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन को इंडो ग्लोबल इंटरनेशनल एक्सीलेंस अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट शोध, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के लिए प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से महाविद्यालय और पूरे जनपद का नाम रोशन हुआ है।यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ईसीआरडी रिसर्च एंड एजुकेशन काउंसिल, हिसार (हरियाणा) द्वारा प्रदान किया गया। सम्मान समारोह जेसा, प्रयागराज द्वारा आयोजित सातवें दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन के समापन सत्र में हुआ। यह अधिवेशन 7 दिसंबर को ख़्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के अटल भवन में आयोजित किया गया था। पुरस्कार के अवसर पर केएमसीएल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. अजय तनेजा और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य डॉ. ए.के. वर्मा उपस्थित थे, जिन्होंने डॉ. रंजन को सम्मानित किया।डॉ. राजीव रंजन वनस्पति विज्ञान विषय में अपने शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने पौधों की प्रजातियों के संरक्षण, जैव विविधता, पर्यावरणीय बदलावों के प्रभाव और आधुनिक वनस्पति अनुसंधान के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके कई शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं, जिन्हें शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं ने सराहा है।शिक्षण कार्य के साथ-साथ, डॉ. रंजन छात्रों में शोध के प्रति रुचि, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। उन्होंने विभाग में आधुनिक शोध पद्धतियों, प्रयोगात्मक अध्ययन और क्षेत्रीय सर्वेक्षण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया है। उनके कुशल नेतृत्व में एमएलके पीजी कॉलेज का वनस्पति विज्ञान विभाग लगातार प्रगति कर रहा है। इंडो ग्लोबल इंटरनेशनल एक्सीलेंस अवार्ड 2025 को डॉ. राजीव रंजन की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ पूरे जनपद और महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.पी. पांडेय, सहकर्मियों और छात्रों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यहां भी पढ़े:  24 किसानों ने कराया फार्मर रजिस्ट्री:भनवापुर के कुसम्ही तैय्यबपुर में लगा शिविर
Advertisement