श्रावस्ती जिले में मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत मंगलवार को महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता से जोड़ने का कार्य जारी है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें थाना कोतवाली भिनगा और थाना सिरसिया की मिशन शक्ति टीमों ने विशेष सक्रियता दिखाई है। दोनों थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने स्कूलों, गांवों और बाजारों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। भिनगा थाना क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को “गुड टच-बैड टच”, स्कूलों में सुरक्षित वातावरण, सड़क सुरक्षा और सोशल मीडिया पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिसकर्मियों ने किशोर न्याय अधिनियम और सम्मानजनक व्यवहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला। वहीं, थाना सिरसिया की मिशन शक्ति टीम ने डिजिटल सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। महिलाओं और युवाओं को ऑनलाइन ठगी से बचने, फर्जी लिंक और फिशिंग कॉल की पहचान करने तथा ओटीपी व बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई ताकि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल सहायता मिल सके। पुलिस टीमों ने दोनों स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 112, 181, 1098, 108, 102 और 1076 की जानकारी देते हुए पम्फलेट भी वितरित किए। मिशन शक्ति 5.0 के इन कार्यक्रमों से भिनगा और सिरसिया थाना क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है। पुलिस का यह प्रयास समाज में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाने में सहायक सिद्ध हो रहा है।
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती पुलिस ने महिलाओं-बालिकाओं को किया जागरूक:भिनगा -सिरसिया क्षेत्रों में सुरक्षा, सम्मान...











































