बस्ती के स्कूल में वार्षिक खेल स्पर्धा शुरू:विधायक ने किया उद्घाटन, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

8
Advertisement

बस्ती। विकास क्षेत्र बहादुरपुर के कुसौरा कलवारी स्थित झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज में शनिवार को वार्षिक खेल स्पर्धा 2025 का शुभारंभ हुआ। महादेवा विधानसभा के विधायक दूधराम ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कुदरहा आलोक कुमार पंकज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य अज्ञाराम चौधरी ने विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि विधायक दूधराम ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करते हैं। उन्होंने जोर दिया कि आज के युग में शिक्षा के साथ-साथ खेल भी भविष्य संवारने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं। विधायक ने बताया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे बढ़कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों को मन लगाकर खेलों में सहभागिता करने तथा अपने लक्ष्य को हासिल करने की प्रेरणा दी। खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार पंकज ने कहा कि खेल स्पर्धाएं मानसिक और शारीरिक विकास का मजबूत आधार होती हैं। उन्होंने ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा निखारने के विद्यालय के इस प्रयास को प्रशंसनीय बताया। उद्घाटन दिवस पर एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, 100 मीटर दौड़ और गोला फेंक सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षकगण व छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। प्रधानाचार्य अज्ञाराम चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाते हैं और भविष्य में भी इसी तरह खेल प्रतिभाओं को मंच देने का काम करते रहेंगे।

यहां भी पढ़े:  राज्य महिला आयोग सदस्य बलरामपुर पहुंचीं:पूर्व सभासद राम प्यारे कश्यप के निवास पर हुआ स्वागत
Advertisement