Advertisement
बहराइच के पयागपुर थाना क्षेत्र में टीकाकरण के बाद एक तीन माह के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। यह घटना रायडीह गांव की है, जहां तुलसीराम के तीन माह के बेटे बुध सागर को बुधवार शाम नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत एक एएनएम ने टीका लगाया था। परिजनों का आरोप है कि टीका लगने के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और अगले दिन गुरुवार को उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने बच्चे को गलत टीका लगाए जाने का आरोप लगाते हुए एएनएम के खिलाफ पयागपुर थाने में तहरीर दी। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से भी शिकायत की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जानकारी मिलते ही सीएमओ बहराइच ने तत्काल सीएचसी पयागपुर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सामान्य तौर पर टीकाकरण से बच्चों की मौत नहीं होती है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चे की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।








































