Advertisement
बढ़नी ब्लॉक के नेशनल हाइवे किनारे नवयुवक ग्राम पंचायत क्रिकेट क्लब सिसवा चौराहा द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मैच में दुफेड़िया की टीम ने रोमनदेई को दो विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने भाग लिया था। पिछले एक सप्ताह से भीषण ठंड के बावजूद खेल प्रेमियों ने क्रिकेट का भरपूर आनंद लिया। फाइनल मैच दुफेड़िया और रोमनदेई टीम के बीच हुआ। दुफेड़िया के कप्तान शफी ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। रोमनदेई की टीम ने निर्धारित दस ओवर में 71 रन बनाए। जवाब में, लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुफेड़िया की टीम ने आसानी से 72 रन बनाकर दो विकेट से मैच जीत लिया। आयोजक कमेटी ने विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ बीस हजार रुपये और उपविजेता टीम को दस हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजन कमेटी के अध्यक्ष लालू यादव, सफी मोहम्मद, रियाज खान, अबरार खान, गौरव श्रीवास्तव, कुतुबुल्ला, वीरू कुमार और कमेंटेटर अब्दुल रकीब व मोनू यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।








































