मुंडेरवा पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने के आरोपी शिवानंद यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी शिवानंद पुत्र राजाराम यादव, निवासी भगवानपुर, थाना मुंडेरवा, बस्ती को 10 दिसंबर 2025 को उसके गांव भगवानपुर से पकड़ा गया। पुलिस ने उसे आवश्यक कानूनी कार्यवाही के बाद माननीय न्यायालय बस्ती भेज दिया। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक अभिनंदन द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। मुंडेरवा पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 7 दिसंबर 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि शिवानंद ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया और शादी के लिए कहने पर अश्लील वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना मुंडेरवा में मु0अ0सं0 247/2025, धारा 69 (धोखाधड़ी से यौन संबंध), 351(3) (आपराधिक धमकी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जावेद खान कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपी शिवानंद यादव की उम्र 30 वर्ष है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जावेद खान और कांस्टेबल लवकुश यादव शामिल थे।






































