मजार विवाद को लेकर सीओ-तहसीलदार ने लिया जायजा:हिसामुद्दीनपुर गांव में शांति व्यवस्था के लिए फ्लैग मार्च

3
Advertisement

भवानीगंज थाना क्षेत्र के हिसामुद्दीनपुर गांव में तकियवा स्थित एक मजार को लेकर विवाद के बाद बुधवार शाम को प्रशासन सक्रिय हो गया। डुमरियागंज के सीओ बृजेश कुमार वर्मा और तहसीलदार रवि कुमार यादव ने मजार स्थल का जायजा लिया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गांव में फ्लैग मार्च भी किया गया। यह मामला बीते सोमवार को सामने आया था, जब हिन्दूवादी संगठन के लोगों ने मजार स्थल पर विरोध प्रदर्शन किया। नगर पंचायत बढ़नीचाफा अध्यक्ष धर्मराज वर्मा के नेतृत्व में सुबह करीब 11 बजे संगठन के सदस्य वहां पहुंचे और विरोध जताना शुरू कर दिया। स्थल को अवताद हुसैन जंगली शाह बाबा के नाम से एक मजार बताया जाता है, जहां हर बृहस्पतिवार को मेला लगता है। हालांकि, हिन्दूवादी संगठन का आरोप है कि यह मजार नहीं, बल्कि राम औतार दास जी का समाधि स्थल है। नगर पंचायत बढ़नीचाफा अध्यक्ष धर्मराज वर्मा ने मीडिया को बताया कि आगामी बृहस्पतिवार को हिन्दूवादी संगठन के सदस्य राम अवतार दास जी के समाधि स्थल पर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे और भंडारे का आयोजन भी करेंगे। मौजूदा स्थिति को देखते हुए, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए डुमरियागंज प्रभारी निरीक्षक श्री प्रकाश यादव और भवानीगंज थाना अध्यक्ष बृजेश सिंह भी अधिकारियों के साथ मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के दौरान भवानीगंज और डुमरियागंज थाने के पुलिस जवान भी मौजूद रहे।
Advertisement