मुंडेरवा में शहीद किसान मेला आज:देश भर के किसान नेता जुटेंगे, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

10
Advertisement

बस्ती के मुंडेरवा स्थित बंद शुगर मिल परिसर में गुरुवार को शहीद किसान मेले का आयोजन किया गया है। इस मेले में देश भर के किसान नेता शामिल होंगे। बुधवार से ही किसान नेताओं का मुंडेरवा पहुंचना शुरू हो गया है। प्रशासन ने मेले को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, जिसमें बस्ती-मुंडेरवा मार्ग को डायवर्ट भी किया गया है। शहीद किसान मेले को चार सेक्टरों में बांटा गया है। संपूर्ण व्यवस्था के लिए राजपत्रित अधिकारी के सहयोगार्थ क्षेत्राधिकारी रूधौली कुलदीप सिंह यादव और थानाध्यक्ष मुंडेरवा प्रदीप सिंह तैनात रहेंगे। सेक्टर प्रथम की जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक वाल्टरगंज जयवर्धन सिंह को, सेक्टर द्वितीय की कृष्ण कुमार साहू (प्रभारी निरीक्षक पैकौलिया) को, सेक्टर तृतीय की संतोष कुमार (थानाध्यक्ष गौर) को और सेक्टर चतुर्थ की प्रभारी निरीक्षक थाना लालगंज बस्ती को सौंपी गई है। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बस्ती-मुंडेरवा मार्ग पर डायवर्जन लागू किया गया है। बस्ती शहर से आने वाले वाहनों को रोडवेज से बड़ेबन की ओर मोड़ा जाएगा, जो गोरखपुर हाईवे पर निकलेंगे। जगदीशपुर गोदामवा तिराहा से बस्ती की तरफ से आने वाले वाहनों को टेमा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह, महादेवा चौराहा से वाहनों को लालगंज की ओर और बुधा तिराहा से मुंडेरवा की तरफ आने वाले वाहनों को हाईवे पर मोड़ा जाएगा। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के वाहनों की पार्किंग के लिए चीनी मिल के पश्चिमी परिसर, रेलवे स्टेशन के पीछे और अहरा जूनियर हाईस्कूल परिसर में व्यवस्था की गई है। मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे जिले से अतिरिक्त पुलिस बल और फायर सर्विस के जवान बुलाए गए हैं। अग्निशमन वाहन भी तैनात रहेगा। भारतीय रेलवे ने भी मुंडेरवा रेलवे स्टेशन और रेलवे समपार फाटकों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को तैनात किया है।

Advertisement