Advertisement
गैसड़ी विकास खंड के भोजपुर चौराहे पर स्थित ‘सचिन वस्त्रालय’ नामक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी इस आग में दुकान का अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगते ही लोगों ने शोर मचाया और तुरंत दुकान का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता के कारण आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, जिससे यह आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी। हालांकि, तब तक दुकान में रखे महंगे कपड़े, नकदी और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुके थे। दुकान के प्रोपराइटर सचिन जायसवाल के अनुसार, इस अग्निकांड में लगभग 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसमें दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नकदी और कपड़े शामिल हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हल्का लेखपाल कुलदीप पांडेय ने बताया कि उन्हें रविवार सुबह घटना की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया और रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। प्रभारी निरीक्षक दुर्विजय ने पुष्टि की कि दुकान में अज्ञात कारणों से आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई थी।








































