बस्ती में कर्मा देवी समूह का 16वां स्थापना दिवस दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में शुरू हो गया है। पहले दिन कथावाचक शांतनु जी महाराज ने गुरु-परंपरा और जीवन मूल्यों पर प्रेरक संदेश दिया। सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि बॉलीवुड अभिनेता गुलशन ग्रोवर कल उपस्थित रहेंगे।उत्सव का शुभारम्भ प्रेरक कथा के साथ हुआ। आचार्य शांतनु जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि “जीवन लंबा नहीं, बल्कि सार्थक होना चाहिए।” उनके विचारों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित किया।समूह की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशु सिंह गौतम ने महाराज जी के मार्गदर्शन को छात्रों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा, संतों के त्याग और संत-संग की महिमा पर प्रकाश डाला। समूह के मुख्य सूचना अधिकारी यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि शिक्षा और तकनीक के साथ अध्यात्म का जुड़ाव भी आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।कार्यक्रम के अंत में समूह के चेयरमैन ओ० एन० सिंह (सेवानिवृत्त IAS) ने आचार्य शांतनु जी महाराज को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन रेडियो ओमनी द्वारा किया गया। कर्मा देवी समूह अपने गौरवशाली सफर के 16 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्य स्थापना दिवस समारोह कल आयोजित करेगा। इस अवसर पर बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता गुलशन ग्रोवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके विशिष्ट अभिनय और प्रभावशाली व्यक्तित्व के कारण उनका आगमन संस्थान के लिए प्रेरणादायक क्षण होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता समूह के चेयरमैन ओ० एन० सिंह (सेवानिवृत्त IAS) करेंगे। उन्होंने कहा कि 16 वर्षों की इस यात्रा में संस्थान ने शिक्षा, सामाजिक कार्य और व्यक्तित्व निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। कर्मा देवी समूह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे शिक्षा जगत में उसने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।









































