श्रावस्ती पुलिस ने गिलौला और सोनवा थाना क्षेत्रों में हुई चोरियों का खुलासा करते हुए दो अंतरजनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने चोरी के चांदी के जेवरात, नकदी और एक देसी तमंचा बरामद किया है। यह सफलता गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक के निर्देशन, देवीपाटन रेंज के आईजी के पर्यवेक्षण और एसपी श्रावस्ती राहुल भाटी के नेतृत्व में मिली। पुलिस टीम ने गिलौला थाना क्षेत्र में इन चोरों को पकड़ा। घटना देर रात गिलौला–लक्ष्मणनगर लिंक रोड पर चेतियामुरार पुलिया के पास हुई। पुलिस टीम को देखकर चोरों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी रोशन लाल के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके दूसरे साथी शिव कुमार उर्फ सुखी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार चोरों के कब्जे से चांदी के जेवरात, 9,400 रुपये नकद, एक देसी तमंचा 315 बोर, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी बहराइच जिले के निवासी हैं और कई जिलों में दर्जनों मुकदमों में वांछित थे। पुलिस के अनुसार, ये वही चोर हैं जिन्होंने 18 नवंबर की रात मोहम्मदापुर मोड़ के पास राजकुमार मिश्रा की दुकान का शटर काटकर एक लाख तीस हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज चोरी किए थे। एसपी के निर्देश पर गठित SOG और पुलिस टीम कई दिनों से इनकी तलाश में जुटी थी। बीती रात टीम को इनपुट मिला, जिसके बाद पीछा करने पर मुठभेड़ हुई। पूछताछ में चोरों ने अपनी कार्यप्रणाली का खुलासा किया। वे दिनभर बाइक से बाजारों की रेकी करते थे और कम रोशनी तथा सुनसान जगह वाली दुकानों को निशाना बनाते थे। रात में वे अलग-अलग रास्तों से मिलकर तय स्थान पर पहुंचते थे। 3-4 मिनट में कटर मशीन से शटर काटकर नकदी और कीमती सामान बैग में भरकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर लिया है।











































