गल्ला व्यवसायी का शव सड़क किनारे मिला:बस्ती-बांसी मार्ग पर हादसा; परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

7
Advertisement

बस्ती-बांसी मार्ग पर बुधवार देर रात एक गल्ला व्यवसायी का शव सड़क किनारे मिला। मृतक की पहचान रूधौली थाना क्षेत्र के नटई कला गांव निवासी नीरज सिंह (25) के रूप में हुई है। राहगीरों की सूचना पर वाल्टरगंज पुलिस और डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के अनुसार, नीरज बुधवार शाम करीब चार बजे बस्ती की नवीन कृषि उत्पादन समिति मंडी के लिए निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर उनकी मां शांति देवी ने उन्हें फोन किया था। नीरज ने अपनी मां को बताया था कि वह हर्रैया पहुंच गए हैं और जल्द ही घर आ जाएंगे। नीरज के चाचा रणवीर सिंह ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि नीरज का शव और उनकी पल्सर बाइक कोड़री गांव के सामने सड़क पर पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर पुलिस और डायल 112 के कर्मी मौजूद थे। पुलिस ने शव और बाइक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नीरज की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है या उनकी हत्या कर शव को फेंका गया है। मृतक के चाचा ने लेनदेन के विवाद के चलते हत्या की आशंका जताई है। नीरज गल्ला व्यवसायी थे और अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। आज गुरुवार को देर शाम शव पहुंचने के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है वाल्टरगंज थानाध्यक्ष जयवर्धन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यहां भी पढ़े:  सिरसिया सीएचसी में आशाओं को फटकार:फोलिक एसिड, टीकाकरण और गृह भ्रमण पर अधीक्षक ने दिए निर्देश
Advertisement