Advertisement
सिद्धार्थनगर में बनकटा सुपौली स्थित स्कूल में रविवार को दोपहर 1 बजे पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (पीटीएम) काआयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बाँसी विधायक राजा जय प्रताप सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण के साथ हुई। मुख्य अतिथि राजा जय प्रताप सिंह ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। अभिभावकों से उन्होंने अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई में रुचि लें, शिक्षकों से नियमित संवाद बनाए रखें और बच्चों को सकारात्मक वातावरण दें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक कक्षा के टॉप-3 विद्यार्थियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना की। विद्यालय प्रबंधक कौशल किशोर मिश्रा ने कहा कि पेरेंट्स-टीचर मीटिंग का उद्देश्य अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के साथ-साथ नैतिक और सामाजिक विकास पर भी ध्यान दिया जा सके। प्रधानाचार्य संजय पांडेय ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन व्यवस्था और आगामी शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मदन नारायण सिंह, राजेंद्र पांडेय, राम बेलाश मिश्रा, दिलीप चतुर्वेदी और विजय कांत चतुर्वेदी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।









































