चमरूपुर में जियो टावर पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:छह माह से नेटवर्क ठप, डीजल डालने से रोका

5
Advertisement

ब्लॉक श्रीदत्तगंज स्थित चमरूपुर गांव में शनिवार को जियो मोबाइल टावर पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। उन्होंने टावर पर डीजल डालने पहुंचे कर्मियों को रोक दिया। ग्रामीण पिछले लगभग छह माह से खराब नेटवर्क व्यवस्था से नाराज थे। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले छह माह से जियो नेटवर्क पूरी तरह से बाधित है, जिससे उनके रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। विनय कुमार वर्मा ने बताया कि नेटवर्क न होने के कारण ऑनलाइन कामकाज ठप पड़ा है। वहीं, महेश गुप्ता ने कहा कि उन्होंने कई बार जियो कर्मचारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। अंततः मजबूर होकर ग्रामीणों को यह कदम उठाना पड़ा। ग्रामीणों ने जियो कर्मियों से मांग की कि वे उच्चाधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त कराएं। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान शिवशंकर शैनी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान महेश गुप्ता, विनय कुमार वर्मा, अशोक कुमार सैनी, संदीप, हरिशंकर, रविशंकर, कालीचरण, अल्तमस, सोहेल, मेहताब, समीउद्दीन, अब्दुल्ला, मोहित, अनुज, मोहम्मद अरमान, रिशु, मुमताज अली, समीर, जावेद सिराज और आमिर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Advertisement