राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने मनाया मकर संक्रांति उत्सव:बस्ती के रघुवंश पुरी शिव मंदिर परिसर में हुआ आयोजन

7
Advertisement

बस्ती। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने कैली अस्पताल स्थित रघुवंश पुरी शिव मंदिर परिसर में मकर संक्रांति पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिद्धार्थ इंडस्ट्रीज के चेयरपर्सन अवधेश मिश्रा ने की। अवधेश मिश्रा ने इस अवसर पर कहा कि मकर संक्रांति एक अत्यंत पावन पर्व है, जिसका हमारे पूर्वजों ने विशेष महत्व बताया है। इस दिन बड़ी संख्या में लोग गंगा और सरयू जैसी पवित्र नदियों में स्नान कर अन्नदान की परंपरा का निर्वहन करते हैं, जिससे समाज में सेवा और समर्पण की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक ऋषि थे। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति का पर्व आज विश्व के 16 देशों में मनाया जाता है। ऋषि ने मातृशक्ति की भूमिका पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि हमारी परंपराओं, देवी-देवताओं और ग्राम्य संस्कृति को जीवंत बनाए रखने में मातृशक्ति का अमूल्य योगदान रहा है। डीह बाबा जैसे लोकदेवताओं की आस्था को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संजोने का कार्य भी मातृशक्ति ने ही किया है। ऋषि ने आगे कहा कि मकर संक्रांति के अवसर पर पवित्र नदियों में स्नान, दान और पुण्य कर्म के माध्यम से हिंदू समाज मोक्ष की भावना से जुड़ता है। उन्होंने जोर दिया कि यदि आज हमारी रीति-रिवाज और परंपराएं सुरक्षित हैं, तो उसका श्रेय मातृशक्ति को जाता है, क्योंकि मां को जीवन का प्रथम गुरु माना गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पर्व किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि सर्व समाज का उत्सव है। हिंदू जीवन 16 संस्कारों से युक्त है, जिनमें जन्म से लेकर अंतिम संस्कार तक सभी वर्गों और जातियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है, ताकि समाज एकजुट रहे। ऋषि ने खिचड़ी का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे खिचड़ी में दाल, चावल, सब्जी और मसाले मिलकर एक पौष्टिक व्यंजन बनाते हैं, वैसे ही सभी जातियों का समन्वय एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण करता है। इस अवसर पर सिद्धार्थ बजाज के मालिक सिद्धार्थ शंकर मिश्रा, विभाग कार्यवाह आशीष, जिला प्रचारक सर्वेंद्र, नगर कार्यवाह आशीष, गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, धर्मेंद्र तिवारी, श्रद्धेय पाल, अमरेश पांडे, धीरज त्रिपाठी, प्रमोद पांडेय, रामविनय पांडेय, विहिप जिलाध्यक्ष गोपेश पाल और पूर्व विधायक दयाराम चौधरी सहित सैकड़ों की संख्या में माताएं-बहनें एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Advertisement