श्रावस्ती में प्रदेश के राज्य मंत्री एवं आबकारी तथा श्रावस्ती के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर श्रावस्ती पहुंचे। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने गार्ड ऑफ ऑनर स्वीकार किया। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने आठ दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, सामान्य ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), वॉकिंग स्टिक और कंबल शामिल थे। उपकरण वितरण के बाद प्रभारी मंत्री ने ‘विकसित भारत–जी राम जी योजना’ की जानकारी दी। उन्होंने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बने। यह योजना गांवों और प्रदेश के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रभारी मंत्री ने बताया कि अभी तक मनरेगा के तहत 100 दिन के रोजगार की गारंटी थी, जिसे ‘विकसित भारत–जी राम जी योजना’ के अंतर्गत 125 दिन तक बढ़ाया जाएगा। साथ ही बेरोजगारी भत्ता और मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजदूरी भुगतान में देरी होने पर जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीबों और मजदूर वर्ग को सशक्त बनाएगी और इससे लोगों की आय में करीब 25 प्रतिशत तक वृद्धि होने की संभावना है। प्रदेश सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर कार्य करते हुए समाज के हर वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसके बाद प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)–2025 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची में दर्ज दावे और आपत्तियों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रभारी मंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में प्रभारी मंत्री ने दिव्यांगजनों को बांटे सहायक उपकरण:नितिन अग्रवाल बोले-...











































