श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 730 पर बुधवार को एक ओवरलोड गन्ना लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। यह घटना बहराइच-बलरामपुर मार्ग स्थित मोहनीपुर चौराहे के पास हुई। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार से जा रहा यह गन्ना लदा ट्रक अचानक असंतुलित हो गया। चालक ने बताया कि ट्रक के दाहिने हिस्से की बॉडी लटक जाने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रक में लदा गन्ना सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और थाना इकौना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और यातायात को सुचारु करने में मदद की। क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। उन्होंने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।











































