डुमरियागंज ने बढ़नी चेयरमैन कप जीता:बलरामपुर को 70 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा

8
Advertisement

बढ़नी के घरुआर स्थित मिनी स्टेडियम में बुधवार को युवा क्रिकेट क्लब चेयरमैन कप का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मैच में साजिदा हॉस्पिटल डुमरियागंज ने टीम इलेवन बलरामपुर को 70 रनों से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। यह टूर्नामेंट दस दिनों तक चला। डुमरियागंज टीम के कप्तान राशिद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने 19 ओवर में 160 रन बनाए। इसमें आयुष ने 54 और प्रेम ने 59 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इलेवन बलरामपुर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उनके ओपनर शिवम और सत्यम कुछ खास नहीं कर सके। 14 ओवर की समाप्ति तक बलरामपुर ने 8 विकेट खोकर केवल 87 रन बनाए थे। दबाव में आई पूरी टीम 90 रनों पर ही सिमट गई। विजेता टीम डुमरियागंज को मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम जायसवाल ने 51,000 रुपये का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की। टूर्नामेंट के आयोजक और नगर पंचायत बढ़नी के अध्यक्ष सुनील अग्रहरि ने उपविजेता टीम को 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी भेंट की। कमेटी की ओर से सभी खिलाड़ियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। डुमरियागंज के खिलाड़ी मुराद अली को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि आयुष को मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला। कमेंटेटर सुहेल सिद्दीकी, अंपायर अतुल कुमार और दीपक कुमार, तथा स्कोरर अभिषेक ने अपनी भूमिका निभाई। इस अवसर पर एसएसबी असिस्टेंट कमांडेंट संजय के पी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत भारतभारी राजन गुप्ता, सिद्धार्थ शंकर पाठक, अनिल अग्रहरि, मुस्तन शेरुल्लाह, साजिद खान, घनश्याम गुप्ता, आदित्य आर्या, बरकत अली, राकेश जायसवाल, दुर्गेश वरुण, दीपक साहू, कप्तान राशिद और रोहित सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
यहां भी पढ़े:  रुधौली विधानसभा क्षेत्र-309 की सभी माताओं, बहनों, बुजुर्गों, नौजवान साथियों एवं अभिभावकगणों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनायें, सुख, समृद्धि और अच्छी सेहत आप और आपके परिवार के लिए इस साल में हमेशा बनी रहे
Advertisement