सपा विधायक भाजपा में आना चाहते हैं-प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल:बोले- हम लेना नहीं चाहते, सपा पहले अपने विधायकों को संभाले

1
Advertisement


प्रदेश के आबकारी एवं प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल एक दिवसीय दौरे पर श्रावस्ती पहुंचे। आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सहयोग से आठ दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए तथा जरूरतमंदों को कंबल भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को पहले अपने विधायकों को संभालने की जरूरत है। मंत्री का दावा था कि सपा के कई विधायक भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन भाजपा ऐसे विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल नहीं करना चाहती। नितिन अग्रवाल ने कहा कि लगातार चुनाव हारने के बाद विपक्ष मानसिक रूप से असंतुलित हो गया है और उसका संतुलन ठीक नहीं दिख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार की हर जनकल्याणकारी योजना का विरोध करना अपना अधिकार समझता है। आबकारी मंत्री ने कहा कि विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह किन कारणों से जनहित की योजनाओं का विरोध कर रहा है। यदि विपक्ष अच्छी और जनकल्याणकारी योजनाओं का भी विरोध करता रहेगा, तो उसका असली चेहरा जनता के सामने स्वतः उजागर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष वर्ष 2017 के बाद से लगातार सत्ता में आने का सपना देख रहा है, लेकिन जनता न तो उनके इस सपने को पूरा करना चाहती है और न ही भविष्य में ऐसा करेगी।

यहां भी पढ़े:  बस्ती में आरएसएस जन्मशताब्दी पर हिंदू सम्मेलन:अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, एकजुट होने का आह्वान किया
Advertisement