सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 22वीं समवाय झुलनीपुर ने शनिवार को एक साइकिल रैली का आयोजन किया। यह रैली भारत सरकार के ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की गई। रैली डॉ. भीमराव अंबेडकर लघु माध्यमिक विद्यालय मोतीनगर बहुआर परिसर से शुरू हुई। इसमें सशस्त्र सीमा बल के जवानों, विद्यालय के शिक्षकों और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने आसपास के क्षेत्रों में साइकिल चलाकर लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नियमित व्यायाम, खेलकूद तथा साइकिल जैसे पर्यावरण अनुकूल साधनों के उपयोग के प्रति जागरूक करना था। एसएसबी के जवानों ने बच्चों को स्वस्थ शरीर और मन के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व के बारे में बताया। यह जागरूकता कार्यक्रम वाइब्रेंट विलेज के तहत आने वाले धमऊर, मटरा और झुलनीपुर क्षेत्र के ग्रामीणों को भी स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। साइकिल रैली का नेतृत्व निरीक्षक सर्वेश यादव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, एसएसबी के अन्य कार्मिक और स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम समाज में स्वस्थ जीवन शैली, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता के संदेश को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
Advertisement










































