महराजगंज के मिठौरा स्थित विद्याधर सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज, जगरनाथपुर जौरहर की कक्षा 10वीं की छात्रा दुर्गावती यादव का चयन भारत सरकार के ‘इंस्पायर अवार्ड’ (INSPIRE Award) के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय और उनके गाँव बारवां सोनिया में खुशी का माहौल है। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) द्वारा संचालित इस योजना के तहत, दुर्गावती यादव को ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी गई है। दुर्गावती ने बताया कि इस राशि का उपयोग वह अपने विज्ञान प्रोजेक्ट और मॉडल को बेहतर बनाने के लिए करेंगी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, विशेषकर पिता शिवशंकर यादव, और कॉलेज के शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। दुर्गावती की इस उपलब्धि पर विद्याधर सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक और ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार सिंह ने छात्रा के घर पहुंचकर उन्हें मेडल और अवार्ड से सम्मानित किया। प्रबंधक सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चुना जाना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। इस सम्मान समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष कुमार सिंह, उप-प्रधानाचार्य उत्री प्रसाद, महेश विश्वकर्मा, अजीत सिंह, प्रदीप, डॉ. वाजिद अली और शंकर यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति तथा ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने दुर्गावती के उज्जवल भविष्य की कामना की।
विज्ञापन










































