भाजपा नेता ने उठाई उपभोक्ताओं की आवाज: एसडीएम को सौंपकर बुकिंग, मूल्य और वितरण में सुधार की मांग – Nautanwa(Nautanwa) News

0
1

नौतनवा में भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने गैस रिफिल व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नवीन प्रसाद को दिया। ज्ञापन में नौतनवा की गैस रिफिल व्यवस्था को सुगम बनाने, एजेंसियों द्वारा पासबुक के माध्यम से बुकिंग करने और नियमानुसार रिफिल उपलब्ध कराने व सही मूल्य वसूलने जैसे मुद्दों पर तत्काल संज्ञान लेने की आवश्यकता बताई गई है। इसमें कहा गया है कि इंडियन ऑयल एजेंसी के बुकिंग नंबर पर अक्सर कॉल नहीं लगती, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। जायसवाल ने मांग की है कि उपभोक्ताओं की पासबुक पर ही बुकिंग की जाए और उन्हें रिफिल उपलब्ध कराई जाए। इंडियन ऑयल द्वारा नौतनवा के लिए निर्धारित होम डिलीवरी सहित वास्तविक धनराशि ही उपभोक्ताओं से ली जाए। उन्होंने भौतिक जांच की बात कही, जिससे एजेंसियों द्वारा अधिक वसूली का खुलासा हो सके। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि गैस रिफिल और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को नियमित रूप से स्पष्ट और सुविधाजनक जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से एजेंसी पर घंटों इंतजार न करना पड़े। एजेंसी के कर्मचारियों और हॉकरों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार या अपमानजनक शब्दों का प्रयोग न करने की भी मांग की गई है। भाजपा नेता ने मांग की है कि बुकिंग के ढाई दिन बाद नियमानुसार रिफिल उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाए और रिफिल वितरण में किसी भी प्रकार का भेदभाव न किया जाए। ई-केवाईसी और अन्य कार्यों के लिए एजेंसी कार्यालय पर काउंटरों की संख्या बढ़ाने की भी अपील की गई है, ताकि उपभोक्ताओं का समय बर्बाद न हो। जितेंद्र जायसवाल ने चेतावनी दी है कि यदि 18 मार्च तक इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि उन्हें ज्ञापन प्राप्त हो गया है।
Advertisement