ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग पर राहगीर जोखिम में: अधूरा पुल दे रहा हादसों को न्योता, ग्रामीणों में भारी नाराजगी – Thuthibari(Nichlaul) News

0
2

ठूठीबारी-नौतनवा मुख्य मार्ग पर बन रहा एक पुल राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। लगभग एक महीने से चल रहे इस निर्माण कार्य की धीमी गति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। सड़क किनारे मिट्टी, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री का ढेर लगा हुआ है, लेकिन इसे घेरने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई है। रात के समय यहां गहरा अंधेरा रहता है। चेतावनी के लिए न तो रेडियम लाइटें लगाई गई हैं और न ही कोई संकेतक बोर्ड। इसके अभाव में वाहन चालक अचानक असंतुलित होकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि पिछले एक महीने से निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। सुरक्षा के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है। इस संबंध में क्षेत्रीय जेई इंतयाज से बात की गई। उन्होंने स्थिति का संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया है कि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि रात के समय दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तुरंत रेडियम लाइट और संकेतक बोर्ड लगाए जाएं। उन्होंने कार्य में तेजी लाने की भी अपील की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
Advertisement