बस्ती में यातायात पुलिस ने ओवरहाइट गन्ना लदे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 9 वाहनों का चालान किया गया। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई। पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत के निर्देशन में यह सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात टीम ने फुटहिया, मनौरी और पॉलिटेक्निक टोल प्लाजा सहित प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की। ज्ञात हो लगभग एक सप्ताह पूर्व ओवरलोड गन्ने के ट्रक के पलट जाने के कारण एक बैट्री रिक्शा उसके नीचे दब गया और एक दंपति की मृत्यु हो गई थी। उसके बाद से यह अभियान लगातार चलाए जा रहा है। अभियान के दौरान, यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को ओवरलोडिंग और ओवरहाइट वाहनों से होने वाले हादसों के प्रति जागरूक किया। उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार ही वाहन चलाने के सख्त निर्देश दिए गए। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में प्रभारी यातायात अवधेश तिवारी, यातायात उपनिरीक्षक सूर्य नारायण शुक्ला, सुरेश राजभर, नन्हेलाल, हेड कांस्टेबल कृष्णानंद पाण्डेय और कांस्टेबल चंद्रजीत यादव सहित यातायात टीम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। यातायात पुलिस की इस पहल से आम जनता ने राहत महसूस की है और सड़क सुरक्षा के प्रति पुलिस के प्रयासों की सराहना की जा रही है।






































