श्रावस्ती में युवक तीन दिन से लापता:दुकान से लौटते वक्त गायब हुआ, जंगल में मिली बाइक

8
Advertisement

श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरण्ट थाना क्षेत्र के मोहनलाल पुरवा निवासी 32 वर्षीय राजू पुत्र निसार पिछले तीन दिनों से लापता हैं। राजू बहराइच जिले के नूरी चौराहा पर अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गए। घटना के अगले दिन मल्हीपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर भैसाही के पास जंगल में राजू की मोटरसाइकिल और स्वेटर लावारिस हालत में मिले। वनकर्मियों ने जंगल में बाइक देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद युवक की तलाश शुरू की गई। मल्हीपुर थाना अध्यक्ष अंकुर वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। जंगल और आसपास के इलाकों में गहन खोजबीन के बावजूद, तीन दिन बाद भी राजू का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। राजू के बड़े भाई शरीफ की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। राजू की पत्नी जमादुल ने अपने पति के अपहरण की आशंका जताई है। राजू दो छोटी बेटियों के पिता हैं और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं। इस घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और लापता युवक की तलाश जारी रहेगी।

यहां भी पढ़े:  श्रावस्ती पुलिस का मिशन शक्ति 5.0 अभियान:महिलाओं, बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर केंद्रित
Advertisement